पलिया कलां में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ देशभक्ति, उत्साह और गौरव के साथ मनाई गई। इस मौके पर पूरा नगर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
नगर पालिका परिषद पलिया कलां की पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता एवं अधिशासी अधिकारी श्री विजय बहादुर यादव ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया

पलिया कलां में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ देशभक्ति, उत्साह और गौरव के साथ मनाई गई। इस मौके पर पूरा नगर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
नगर पालिका परिषद पलिया कलां की पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता एवं अधिशासी अधिकारी श्री विजय बहादुर यादव ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया, जिसके साथ ही पूरा वातावरण देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर रामगोपाल नेकीराम जूनियर हाईस्कूल के बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की गईं। बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। उनके उत्साह और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें पुरस्कृत भी किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद द्वारा नागरिकों के लिए विशेष सजावट भी कराई गई। शहर के पुलिस चौकी तिराहे पर जनसंघ के प्रथम विधायक रहे स्वर्गीय रामचरन शाह की प्रतिमा के समीप आकर्षक शेड के आकार में सजावट की गई। भगवा पट्टियों से सजी इस व्यवस्था के नीचे फूलों से तैयार किया गया राष्ट्रीय ध्वज का खूबसूरत सेल्फी पॉइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
देश की आजादी के जश्न में सराबोर नगरवासी बड़ी संख्या में यहां पहुंचे और तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर स्वतंत्रता दिवस के इस उत्सव को यादगार बनाते नजर आए।
वहीं, पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता के पुत्र वरुण गुप्ता के नेतृत्व में भव्य तिरंगा बाइक रैली भी निकाली गई। भाजपा नगर अध्यक्ष एवं नामित सभासद उदयवीर सिंह सहित अन्य पालिका सभासदों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ रैली में हिस्सा लिया।
रैली की खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में नगरवासी भी स्वयं आगे आए और तिरंगा लेकर इस देशभक्ति यात्रा में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा, दिल में देशभक्ति और सड़कों पर गूंजते देशभक्ति के नारों ने पूरे पलिया कलां को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर अमर शहीदों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
वहीं, सामाजिक सरोकार की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल की गई। एचसीएल फाउंडेशन द्वारा नाग फाउंडेशन के माध्यम से नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण यानी पीपीई एवं अन्य आवश्यक सफाई उपकरण वितरित किए गए।
इस पहल का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों को सुरक्षित वातावरण में कार्य करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना और उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देना रहा।
स्वतंत्रता दिवस पर नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में देशभक्ति, संस्कृति, सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला।
पालिकाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी देवी गुप्ता की पहल पर नगर को तिरंगामय करने, आकर्षक सेल्फी पॉइंट तैयार कराने और स्वतंत्रता दिवस को विशेष बनाने की इस व्यवस्था की पूरे नगर में चर्चा है। आमजनमानस द्वारा भी पालिका प्रशासन की इन पहलों की सराहना की जा रही है।



