धूमधाम से मनाया गया माता मन्जेश्वरी देवी का 53वाँ जन्मोत्सव एवं वार्षिकोत्सव
खबर लाईव 24 लखीमपुर खीरी पलिया कलां

धूमधाम से मनाया गया माता मन्जेश्वरी देवी का 53वाँ जन्मोत्सव एवं वार्षिकोत्सव
मझगई-पलियाकलां (खीरी)। निघासन रोड स्थित मझगई कस्बे के सुप्रसिद्ध माता मन्जेश्वरी देवी मंदिर में माता मन्जेश्वरी देवी जी का 53वाँ जन्मोत्सव एवं वार्षिकोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र सहित दूरदराज़ से आए हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या भोज के साथ हुआ, जिसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारा देर रात तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भीषण गर्मी एवं भारी भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल व अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी।
इसके उपरांत भव्य शोभायात्रा का आयोजन माता मन्जेश्वरी देवी मंदिर से क्रेन ग्रोवर्स इंटर कॉलेज मैदान तक किया गया। शोभायात्रा में श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते हुए भक्ति में सराबोर दिखाई दिए।
रात्रि में आयोजित विशाल जागरण कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारी भीड़ के चलते महिलाओं एवं पुरुषों के बैठने के लिए स्थान कम पड़ गया। श्रद्धालु विद्यालय भवनों पर बैठकर पूरी रात माता रानी के भजनों का आनंद लेते रहे। विधिवत पूजन-अर्चन के उपरांत मथुरा, वृंदावन, रुद्रपुर एवं पीलीभीत से आए कलाकारों ने माता रानी के सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा नगर अध्यक्ष उदय वीर सिंह, पं. सुरेश अग्निहोत्री, नितिन गुप्ता, प्रेमशंकर रस्तोगी, सुशील सोनी, विकास गुप्ता, गजेंद्र प्रताप सिंह, मुकेन्द्र प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह, सत्ती सिंह, अनुभव सिंह, शैलेश सिंह, रामनाथ, शोभित कुमार, प्रेम गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं सेवादार उपस्थित रहे
मंदिर प्रमुख अंजू सिंह ने क्षेत्रवासियों व श्रद्धालुओं को आयोजन को सफल बनाने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया



