भीरा में हाईवे 731 के किनारे चला बुलडोजर, 50 से ज्यादा घर-दुकानें ध्वस्त
लखीमपुर खीरी के भीरा मैं चला बाबा का बुलडोजर

- भीरा में हाईवे 731 के किनारे चला बुलडोजर, 50 से ज्यादा घर-दुकानें ध्वस्त
यूपी के लखीमपुर खीरी के भीरा कस्बे में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन ने हाईवे किनारे बने 50 से ज्यादा अवैध घरों और दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई से पहले मंगलवार को भी प्रशासन की टीम पहुंची थी, लेकिन कार्रवाई टल गई थी। एनएचएआई बरेली इकाई के सह परियोजना निदेशक ने 3 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग नियंत्रण अधिनियम-2002 की धारा 26(2) के तहत सात दिन में अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था।
शुक्रवार को कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर एसडीएम पलिया पुष्पक, एडीएम और एडिशनल एसपी समेत 8 सीओ, 12 प्रभारी निरीक्षक, 50 उपनिरीक्षक, 500 मुख्य आरक्षी, 100 आरक्षी, यातायात पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौजूद रहीं।
कार्रवाई शुरू होने से पहले कई लोगों ने अपने टीन-शेड और दुकानें खुद तोड़कर मलबा हटाना शुरू कर दिया था। प्रशासन ने भी दो घंटे का अतिरिक्त समय दिया। समय पूरा होने के बाद सड़क के दोनों ओर जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि गरीबों के घरों पर बुलडोजर चला, जबकि बड़े प्रतिष्ठानों को कार्रवाई से छूट दी गई।



