अपराधउत्तर प्रदेशपलियाकला-खीरीशिक्षा

लखीमपुर खीरी के मैलानी से सिपाही भर्ती अभ्यर्थी हेतु लखनऊ आयीं युवतियों से दुष्कर्म के प्रयास

प्रयास का आरोपी ऑटो चालक मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

लखीमपुर खीरी के मैलानी से सिपाही भर्ती अभ्यर्थी हेतु लखनऊ आयीं युवतियों से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी ऑटो चालक मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

 

लखनऊ। पुलिस भर्ती परीक्षा देने रायबरेली जा रही लखीमपुर खीरी की दो युवतियों से कथित तौर पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने वाले ऑटो चालक को लखनऊ पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, लखीमपुर खीरी के मैलानी क्षेत्र की रहने वाली दोनों युवतियां पुलिस भर्ती परीक्षा देने रायबरेली जा रही थीं। तड़के चारबाग से आलमबाग बस अड्डे जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो किया। आरोप है कि चालक ने रास्ता खराब होने का बहाना बनाकर ऑटो को निर्धारित मार्ग से हटाकर पारा क्षेत्र के डॉक्टर खेड़ा स्थित सुनसान इलाके में पहुंचा दिया।

पीड़िताओं के अनुसार, वहां चालक ने उनके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। साहस दिखाते हुए एक युवती ने आरोपी की उंगली काट ली, जबकि दूसरी ने उसे धक्का देकर शोर मचा दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार के पहुंचने पर आरोपी ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पारा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों को सुरक्षित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की। परीक्षा से लौटने के बाद पीड़िताओं की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित के अनुसार, पुलिस ने चारबाग से घटनास्थल तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर संदिग्ध ऑटो और चालक की पहचान हुई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं।

देर रात मुन्नूखेड़ा नहर पुलिया के पास पुलिस ने संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने भागने के दौरान फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान हसीब निवासी मिर्जानपुर, कछौना (हरदोई) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पारा क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी महिलाओं से जुड़े गंभीर अपराधों के मामले दर्ज रहे हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना में दोनों युवतियों द्वारा दिखाई गई सूझबूझ और साहस की भी व्यापक सराहना हो रही है, जिसके चलते वे आरोपी के चंगुल से निकलने में सफल रहीं।

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!