रिश्वतखोर बाबू गिरफ्तार,साथी कर्मचारी की पत्नी की पेंशन के नाम पर मांगे थे 50 हजार, एंटी करप्शन टीम ने दबोचा
लखीमपुर-खीरी।उत्तर प्रदेश से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है

रिश्वतखोर बाबू गिरफ्तार,साथी कर्मचारी की पत्नी की पेंशन के नाम पर मांगे थे 50 हजार, एंटी करप्शन टीम ने दबोचा
खबर लाईव 24 चीफ एडिटर
लखीमपुर-खीरी।उत्तर प्रदेश के लखीमपुर-खीरी जिले से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) प्रांतीय खंड-1 (CD-1) में तैनात एक वरिष्ठ लिपिक (बाबू) को एंटी करप्शन की टीम ने पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी बाबू की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जो इसी विभाग में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने विभाग के ही अपने एक दिवंगत साथी कर्मचारी की विधवा पत्नी की पेंशन बनवाने के एवज में इस मोटी रकम की मांग की थी।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार दिवंगत कर्मचारी की मृत्यु के बाद लगातार पेंशन और अन्य देयों के लिए दफ्तर के चक्कर काट रहा था। इसी दौरान आरोपी बाबू संजय कुमार ने पेंशन की फाइल को आगे बढ़ाने और उसे स्वीकृत कराने के नाम पर पीड़ित पक्ष से पचास हजार रुपये की रिश्वत मांगी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की, जिसके बाद टीम ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए पूरा जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित ने बाबू संजय कुमार को केमिकल लगे हुए नोटों की गड्डी सौंपी, वैसे ही घात लगाकर बैठी एंटी करप्शन की टीम ने उसे दबोच लिया। हाथ धुलवाए जाने पर आरोपी के हाथ गुलाबी हो गए, जिससे मौके पर ही रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
सफल कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन की टीम आरोपी बाबू को हिरासत में लेकर तुरंत सदर कोतवाली पहुंची। इस मामले में एंटी करप्शन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) टीपी वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग के भीतर ही एक दिवंगत सहकर्मी के परिवार से इस तरह की वसूली किए जाने की घटना को लेकर पूरे पीडब्ल्यूडी दफ्तर और प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है।



