उत्तर प्रदेशपलियाकला-खीरीप्रशासन

अधिशासी अभियंता अनिल कुमार के पर्यवेक्षण में निर्माणाधीन अधोमानक इंटरलॉकिंग से लोगों में रोष

पलिया नगर के बाईपास रोड के दोनों ओर लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य में अनियमितता

अधिशासी अभियंता अनिल कुमार के पर्यवेक्षण में निर्माणाधीन अधोमानक इंटरलॉकिंग से लोगों में रोष

23/06/2026

पलिया नगर के बाईपास रोड के दोनों ओर लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि निर्माण कार्य में अधिशासी अभियंता अनिल कुमार सहित सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता की लचर कार्यशैली से गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।

आरोप है कि इंटरलॉकिंग बिछाने के बाद ठेकेदार की ओर से केवल एक तरफ मसाला लगाया जा रहा है, जबकि सड़क की ओर वाली साइड को बिना मसाले के ही छोड़ दिया जा रहा है। इसके कारण इंटरलॉकिंग और मुख्य सड़क के बीच नालीनुमा चौड़ी दरार बनती जा रही है। लोगों का कहना है कि यह दरार बरसात के दौरान और अधिक चौड़ी हो सकती है, जिससे सड़क की मजबूती प्रभावित होने के साथ-साथ राहगीरों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो जाएगा।

स्थानीय नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लेवलिंग का उचित ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कई स्थानों पर इंटरलॉकिंग ऊंची-नीची दिखाई दे रही है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में दुर्घटनाएं होना तय है।

आसपास के दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने निर्माण कार्य में खामियों को लेकर संबंधित कर्मचारियों को अवगत भी कराया, लेकिन अब तक कोई सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नगरवासियों ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से निर्माण कार्य की जांच कराकर मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने एवं अनियमितता बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। बता दें कि इस इंटरलाॅकिंग कार्य का भूमिपूजन पलिया विधायक रोमी साहनी ने किया था। जनता का कहना है कि विधायक के अथक प्रयासों से इस कार्य का शुभारंभ हुआ है। ऐसे में ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में की जा रही लापरवाही से विधायक की छवि धूमिल हो रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी धन से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!